जमशेदपुर : रविवार को ओपीडी सेवा बंद रहने के बाद सोमवार सुबह MGM Hospital में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह साढ़े आठ बजे से ही पंजीकरण काउंटर के बाहर लंबी कतारें लग गईं। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण कराने में लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


अस्पताल परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए होमगार्ड जवानों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। गर्मी और उमस के बीच कतार में खड़े मरीजों की स्थिति और भी कठिन हो गई। कई मरीजों ने बताया कि पंजीकरण में देरी के कारण डॉक्टरों तक पहुंचने में भी काफी समय लग गया।
सोमवार को न्यूरोसर्जरी, नेफ्रोलॉजी, ऑन्कोसर्जरी और कार्डियोलॉजी जैसी सुपरस्पेशियलिटी ओपीडी सेवाएं संचालित होने के कारण दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। इससे पंजीकरण काउंटर और विभिन्न विभागों में दिनभर भीड़ बनी रही।
मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि हर सोमवार को ऐसी स्थिति बन जाती है। उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया को आसान बनाने और अतिरिक्त काउंटर खोलने की मांग की है, ताकि लोगों को घंटों लाइन में खड़ा न रहना पड़े। वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं में सुधार किया जा रहा है और सेवाओं को बेहतर बनाने का प्रयास जारी है।

