रांची: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य सरकार छात्रों की हर मांग सुनने और उस पर गंभीरता से विचार करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले से पहले से अवगत है और छात्रों के लिए सरकार के दरवाजे हमेशा खुले हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। जिन छात्रों की कोई मांग है, वे अपनी बात सरकार के सामने रखें। सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी।”
CID जांच पर छात्रों द्वारा उठाए जा रहे सवालों के संबंध में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में कई जांच एजेंसियां हैं और सभी उनकी कार्यप्रणाली से परिचित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले का संज्ञान लिया है और आवश्यक कदम उठाए हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अन्य राज्यों में भी इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन कई मामलों में वहां की सरकारों ने कोई कार्रवाई नहीं की।
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राज्यभर में विभिन्न छात्र संगठन भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

