बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को प्रेम प्रसंग को लेकर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। टेलो गांव के बुधुबांध के समीप एक होमगार्ड जवान अपनी प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर जियो मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब दो घंटे तक टावर पर बैठे युवक ने नीचे उतरने से इनकार कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार, सिद्धी निवासी प्रेम कुमार कोयरी पिछले चार वर्षों से टेलो गांव की एक युवती के साथ प्रेम संबंध में था। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रेम कुमार ने युवती को होमगार्ड की नौकरी दिलाने में भी सहयोग किया था। हाल ही में युवती के परिवार ने उसकी शादी किसी अन्य युवक से तय कर दी, जिससे आहत होकर प्रेम कुमार ने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बीडीओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। कई लोग पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते रहे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।
युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस उसे थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

