बहरागोड़ा के बानाबूडा में गाजन मेला में उमड़ी भीड़, आस्था और परंपरा का अनूठा संगम

Spread the love

बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के डोमजुड़ी पंचायत अंतर्गत बानाबूडा में आयोजित सात दिवसीय गाजन मेला में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था और उत्सव का माहौल देखने को मिला।

सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर परिसर और मेला स्थल पर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना में जुट गए। मेले में आस्था का अनूठा दृश्य उस समय देखने को मिला, जब एक शिवभक्त ने अपनी जीभ में 6 एमएम की लोहे की छड़ आर-पार कराकर भोलेनाथ की भक्ति अर्पित की। इस दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।

गाजन मेला को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह नजर आया। विभिन्न गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मेले में पारंपरिक नृत्य, लोकगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।

बच्चों के लिए झूले, खिलौनों की दुकानें और खान-पान के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने रहे। मेला समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई थीं। देर शाम तक लोग धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होते रहे।

गौरतलब है कि गाजन मेला पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों में मनाया जाने वाला एक प्रमुख धार्मिक आयोजन है, जो शिव भक्ति और लोक संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। इस सफल आयोजन पर स्थानीय लोगों और समिति के सदस्यों ने खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने वाला बताया।