कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर जारी बगावत को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। पार्टी से अलग गुट बनाने और एनडीए को समर्थन देने की खबरों के बीच आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर ने बागी सांसदों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिन सांसदों को जनता ने भाजपा के खिलाफ वोट देकर संसद भेजा था, उनका अलग गुट बनाना और एनडीए का समर्थन करना मतदाताओं के विश्वास के साथ धोखा है।


बताया जा रहा है कि TMC के 19 सांसदों के समर्थन वाला एक कथित पत्र सामने आया है, जिसमें काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व में अलग संसदीय गुट को मान्यता देने और एनडीए को समर्थन देने की बात कही गई है। हालांकि इस पत्र की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष और सांसदों-विधायकों के अलग रुख अपनाने से TMC नेतृत्व पर दबाव बढ़ गया है.हुमायूं कबीर, जो पहले TMC में थे और अब अपनी अलग पार्टी चला रहे हैं, हाल के दिनों में ममता बनर्जी के प्रति नरम रुख दिखा चुके हैं। उन्होंने पहले यह भी कहा था कि यदि जरूरत पड़ी तो वह रेजीनगर सीट छोड़कर ममता बनर्जी की विधानसभा में वापसी का रास्ता आसान बनाने को तैयार हैं.

