रांची: ट्रिपल आईटी रांची के 19 वर्षीय छात्र आदित्य कुमार की मौत के मामले में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। खेलगांव हाउसिंग कॉम्प्लेक्स स्थित हॉस्टल परिसर में धरने पर बैठे विद्यार्थी संस्थान के निदेशक राजीव श्रीवास्तव के इस्तीफे और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बोर्ड ऑफ गवर्नेंस के चेयरमैन लेफ्टिनेंट जनरल एके भट्ट छात्रों से बातचीत करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की समस्याएं मंत्रालय तक पहुंचा दी गई हैं। मामले की जांच के लिए विभिन्न संस्थानों के प्रोफेसरों की एक कमेटी गठित की गई है, जिसके सदस्य रांची आकर छात्रों की शिकायतें सुनेंगे और सभी मुद्दों की जांच करेंगे। चेयरमैन ने संस्थान की खामियां दूर करने और मामले की नियमित समीक्षा का आश्वासन दिया, लेकिन छात्र निदेशक के इस्तीफे की मांग पर अड़े रहे।


मंगलवार दोपहर छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो भी प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों के समर्थन में पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि शैक्षणिक दबाव और संस्थान की अव्यवस्थाओं के कारण आदित्य की जान गई और निदेशक को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। बताया गया कि चेयरमैन ने अन्य व्यक्ति की मौजूदगी में छात्रों से बातचीत नहीं करने की बात कही थी। उनके संबोधन के दौरान चेयरमैन वहां से चले गए। बाद में छात्रों ने देवेंद्रनाथ महतो को बातचीत से अलग कर दिया, हालांकि वह परिसर में मौजूद रहे।
इससे पहले सोमवार को छात्रों ने खेलगांव-टाटीसिलवे मार्ग जाम कर दिया था। इसके कारण यात्री वाहनों और स्कूली बसों समेत कई वाहन फंस गए थे। उस दिन भी चेयरमैन ने करीब दो घंटे तक छात्रों से बातचीत की थी और उनकी मांगें उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया था।
बिहार के पूर्णिया जिले के रामबाग नयाटोला निवासी आदित्य के पिता विष्णुदेव कुमार राय ने रविवार को खेलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराकर निदेशक और संस्थान प्रबंधन के अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने हॉस्टल की अव्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की कमी और निर्धारित एसओपी का पालन नहीं करने के आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि समय पर इलाज नहीं मिलने और कथित लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान नहीं बच सकी।
वहीं, खेलगांव थाना प्रभारी निर्भर कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की बात सामने आई है। पुलिस ने यूडी केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान किसी के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, छात्रों का प्रदर्शन जारी है और जांच कमेटी की रिपोर्ट तथा आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर है।

