जमशेदपुर: जुगसलाई के पहलवान डेरा में 13 सितंबर को एक युवक पर चापड़ से हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के करीब छह दिन बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। गरीब नवाज कॉलोनी स्थित नसीम मैरिज हॉल के पास रहने वाले निजाम ने जुगसलाई थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया था।


आवेदन में गरीब नवाज कॉलोनी निवासी खुर्शीद, अयान और इमरान के अलावा गौरी शंकर रोड निवासी पल्टू बच्चा को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अयान और इमरान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
हालांकि, गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया चापड़ बरामद नहीं हुआ है। पुलिस के अनुसार मामले में नामजद खुर्शीद उर्फ भाकुड़ की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि खुर्शीद की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में घटना में इस्तेमाल हथियार के संबंध में जानकारी मिल सकती है और चापड़ बरामद होने की संभावना है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

