जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित कृष्णा सन ज्वेलर्स एंड डायमंड्स में ग्राहक बनकर पहुंचे दो अज्ञात लोगों पर करीब 42 ग्राम सोना चोरी करने का आरोप है। चोरी हुए सोने की कीमत लगभग ₹6.5 लाख बताई जा रही है। घटना 12 सितंबर की बताई गई है। दुकान संचालक की सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


दुकानदार के अनुसार, 50 वर्ष के आसपास के दो व्यक्ति दुकान पर पहुंचे थे। दोनों ने पहले करीब 10 ग्राम चांदी दिखाने को कहा। इसके बाद उन्होंने 2 ग्राम सोना देखने की इच्छा जताई। दुकानदार ने जब स्टॉक बॉक्स उनके सामने रखा, तो दोनों बातचीत में उसे उलझाने लगे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने कथित रूप से बॉक्स से करीब 42 ग्राम सोना निकालकर अपनी जेब में रख लिया।
इसके बाद दोनों ने दुकानदार को ₹2,000 अग्रिम दिए और कहा कि उनके गुरुजी नीचे खड़े हैं। उनसे सलाह लेने के बाद वे वापस आकर बाकी सामान का हिसाब करेंगे। करीब 15-20 मिनट इंतजार के बाद जब दोनों नहीं लौटे तो दुकानदार ने स्टॉक की दोबारा जांच की, जिसमें सोना गायब मिला।
CCTV फुटेज देखने पर एक व्यक्ति को स्टॉक बॉक्स से सोना निकालते हुए देखा गया। पुलिस को सूचना देने के बाद जांच शुरू हुई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी स्कूटर से फरार हुए। स्कूटर पर लगा नंबर जांच में किसी अन्य वाहन का निकला, जिससे फर्जी नंबर प्लेट इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर दोनों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।

