जमशेदपुर/धनबाद: होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में वांछित मुख्य शूटर सागर सिंह उर्फ विजय सिंह उर्फ शिबू बुधवार को धनबाद के निरसा में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, शिबू ने पुलिस टीम को देखते ही 9 एमएम पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में छह गोलियां लगीं। एक्स-रे रिपोर्ट के मुताबिक दाहिने पैर में चार और बाएं पैर में दो गोलियां लगी हैं। गंभीर हालत में उसे एसएनएमएमसीएच, धनबाद में भर्ती कराया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज चल रहा है।


पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर निवासी शिबू निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका रेजिडेंसी में छिपा है। धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने बुधवार शाम करीब 5:15 बजे वहां छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, घिरने पर शिबू ने कार्यवाहक थाना प्रभारी बालेश्वर सिंह पर तीन राउंड फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने छह राउंड फायरिंग की। हालांकि, स्थानीय लोगों ने करीब 10 राउंड गोली चलने की बात कही है।
पुलिस के अनुसार, शिबू के दो साथी हथियार के साथ फायरिंग करते हुए फरार हो गए, जबकि दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। घायल शिबू की निशानदेही पर हाथबाड़ी जंगल से हथियार और कारतूस बरामद किए जाने का भी दावा किया गया है।
24 अगस्त 2026 को जमशेदपुर के टेंथ माइल स्टोन होटल के पास निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या हुई थी। पुलिस जांच में शिबू का नाम कथित मुख्य शूटर के रूप में सामने आया। पुलिस के अनुसार, अशोक सिंह राघव ने हत्या के लिए उसे 20 लाख रुपये की सुपारी दी थी, जबकि अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह ने शूटरों के ठहरने और हथियार की व्यवस्था की थी। मामले में अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की बात पुलिस ने कही है।
शिबू का नाम पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड से जुड़े सरायढेला थाना कांड संख्या 48/17 में भी दर्ज बताया गया है। पुलिस के अनुसार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी समेत कई मामले दर्ज हैं।

