धान रोपाई कर विधायक पूर्णिमा दास साहू ने किसानों का बढ़ाया सम्मान, ग्रामीण महिलाओं के साथ उतरीं खेत में

Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने किसानों और ग्रामीण महिलाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए अनूठी पहल की। रांची से जमशेदपुर लौटने के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर तमाड़ के नीरूडीह गांव के पास उन्होंने महिलाओं को खेत में धान की रोपाई करते देखा। इसके बाद उन्होंने अपना वाहन रुकवाया और सीधे खेत में पहुंच गईं।

खेत में पहुंचकर विधायक ने ग्रामीण महिलाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर धान की रोपाई की। इस दौरान महिलाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक ने किसानों और ग्रामीण महिलाओं से खेती, बारिश की स्थिति और फसल से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की।

पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और उनके अथक परिश्रम से ही लोगों की थाली तक अन्न पहुंचता है। उन्होंने कहा कि किसानों के श्रम और संघर्ष का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है, क्योंकि हर मौसम की चुनौतियों के बीच खेती करना आसान नहीं होता।

धान रोपाई के दौरान विधायक भावुक भी नजर आईं। उन्होंने बताया कि बचपन में वह अपनी बुआ के गांव जाया करती थीं और वहां ग्रामीण महिलाओं के साथ धान की रोपाई करती थीं। वर्षों बाद फिर से खेत में उतरकर उन्हें बचपन की वही यादें ताजा हो गईं।

विधायक के इस आत्मीय व्यवहार की ग्रामीण महिलाओं ने सराहना की और कहा कि जनप्रतिनिधियों का इस तरह आम लोगों के बीच पहुंचकर उनके श्रम को समझना प्रेरणादायक है। खेत में धान रोपाई करते हुए विधायक का वीडियो लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।