जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने नगर निगम के गठन और उसके कामकाज को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम में वार्डों का गठन सर्वसम्मत प्रक्रिया के तहत होना चाहिए और सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही निगम का संचालन किया जाना चाहिए।


सरयू राय ने कहा कि नगर निगम की बैठकों का एजेंडा सदस्यों को कम से कम 72 घंटे पहले उपलब्ध कराया जाना चाहिए। साथ ही प्रत्येक एजेंडे से संबंधित नगर निगम के पास उपलब्ध जानकारी और प्रस्ताव भी सदस्यों को दिए जाएं, ताकि बैठक में विषयों पर सार्थक चर्चा हो सके।
फेज-1 की जल समस्या पर अलग बैठक की मांग
विधायक ने क्षेत्र की समस्याओं का जिक्र करते हुए फेज-1 में पानी की समस्या और गंदे पानी की शिकायत को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अलग से बैठक कर ठोस समाधान की दिशा में काम करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि पहले से लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। इसके बाद नए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाए। व्यवस्था बनाने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि नियमों का सही तरीके से पालन हो और लोगों को संतोषजनक नागरिक सुविधाएं मिलें।
हर महीने हो नगर निगम की बैठक
सरयू राय ने नगर निगम की बैठक हर महीने नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बैठक का एजेंडा पहले से उपलब्ध होने पर सभी सदस्य संबंधित विषयों की तैयारी के साथ अपनी बात रख सकेंगे।
उन्होंने नगर निगम से नियमों के अनुसार व्यवस्थित तरीके से काम करने और क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने की मांग की।

