जमशेदपुर: गौ संरक्षण और गौ सेवा को लेकर संतों की ओर से देशभर में चलाए जा रहे गौ सम्मान अभियान की तैयारी के लिए रविवार को जमशेदपुर में झारखंड प्रांत के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में अभियान को व्यापक रूप से आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक गौभक्तों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। खास तौर पर सरायकेला जिले से अधिक संख्या में गौभक्तों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया।


पंचखंड पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी सोमेंद्र महाराज ने बताया कि 17 दिसंबर को भारत सरकार को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके लिए देशभर में अधिक से अधिक लोगों से हस्ताक्षर कराने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ज्ञापन के साथ बड़ी संख्या में हस्ताक्षर जुटाने की तैयारी की जा रही है।
महाराज के अनुसार झारखंड में रांची में 50 लाख हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन सौंपने की योजना है। इस कार्यक्रम में करीब 25 हजार गौभक्तों के पहुंचने की बात कही गई है। उन्होंने सरायकेला जिले के गौभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में रांची पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।
आचार्य स्वामी सोमेंद्र महाराज ने बताया कि सरायकेला के बाद उनका प्रवास चाईबासा में रहेगा। उन्होंने सरायकेला और चाईबासा दोनों जिलों के गौभक्तों से अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने और अधिक से अधिक लोगों के हस्ताक्षर कराने का आग्रह किया।

