जमशेदपुर: जनता की शिकायत दर्ज कराना हुआ आसान, DC राजीव रंजन ने लॉन्च किया ‘अबुआ मित्र’ WhatsApp चैटबॉट

Spread the love

जमशेदपुर: शहर के लोगों के लिए अब सरकारी शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और आसान होने जा रही है। जिला प्रशासन ने जनता की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए WhatsApp आधारित ‘अबुआ मित्र’ चैटबॉट सेवा शुरू की है। उपायुक्त राजीव रंजन ने इस सेवा का शुभारंभ किया। इसके लिए 8580090001 WhatsApp नंबर जारी किया गया है, जिस पर नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

‘अबुआ मित्र’ को आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरल तरीके से तैयार किया गया है। शिकायत दर्ज करते समय लोग अपनी सुविधानुसार भाषा का चयन कर सकेंगे। शिकायत से संबंधित आवश्यक जानकारी के साथ जरूरी दस्तावेज भी WhatsApp के माध्यम से भेजे जा सकेंगे।

WhatsApp पर दर्ज शिकायत जिला प्रशासन के जन सहायता JSR पोर्टल से जुड़ जाएगी। इसके बाद शिकायत की प्रकृति के अनुसार संबंधित विभाग, कार्यालय या सक्षम पदाधिकारी को कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। शिकायत पर हुई कार्रवाई और उसकी प्रगति की जानकारी अलग-अलग चरणों में पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से दी जाएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस पहल से शिकायत निवारण प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधा संवाद मजबूत होगा।