जमशेदपुर: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोविंदपुर थाना पुलिस ने 3.865 किलो गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से गांजा के अलावा एक सफेद रंग की बोलेरो भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 33 वर्षीय माधव कर्मकार के रूप में हुई है, जो डुमरिया थाना क्षेत्र के तुरीगोड़ा का रहने वाला बताया गया है।


पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली थी कि खाकरीपाड़ा से अश्विनी चौक जाने वाली सड़क के आसपास एक व्यक्ति बोलेरो से गांजा बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी शुरू की। अश्विनी चौक-खाकरीपाड़ा मार्ग के पास संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 3.865 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने माधव कर्मकार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने गांजा ओडिशा के क्योंझर से लाने की जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि वह गांजा की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में बेचता था। अब पुलिस पूछताछ के आधार पर इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
कार्रवाई के दौरान गांजा के साथ बोलेरो संख्या JH05J7070 को भी जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पूर्वी सिंहभूम के SSP के निर्देश पर की गई। विशेष टीम में डीएसपी सिटी संजीव कुमार, जोनल इंस्पेक्टर मो. कुतुस, गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

