जमशेदपुर में ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर 4 से 5 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, पांच गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर: ऑनलाइन गेमिंग में कम पैसे लगाकर बड़ा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का जमशेदपुर पुलिस और रामगढ़ साइबर थाना की संयुक्त टीम ने खुलासा किया है। पुलिस ने बिरसानगर थाना क्षेत्र के ओम नगर स्थित डुंगरी टोला के एक किराये के मकान में छापेमारी कर पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने शुक्रवार को बताया कि गिरोह पिछले करीब सात महीने से सक्रिय था और इस दौरान लगभग 4 से 5 करोड़ रुपये की ठगी किए जाने का अनुमान है। गिरोह के कथित मुख्य सरगना समेत तीन आरोपी अभी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी जीइटी एंड आइडी नामक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को कम निवेश में बड़ा इनाम जीतने का लालच देते थे। गेम में रकम हारने पर उन्हें अगली बार ज्यादा पैसे लगाकर पिछला नुकसान वसूलने का झांसा दिया जाता था। इस तरह लोग लगातार रकम गंवाते जाते थे। ठगी की राशि फर्जी बैंक खातों में भेजकर एटीएम के माध्यम से निकाली जाती थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एम भानु प्रकाश (31), मो. फरहान (21), राहुल मिंज, अभिषेक राज (25) और श्रवण सोना (23) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, युवकों को इस काम के बदले हर महीने 25 हजार रुपये वेतन के साथ खाने और अन्य खर्चों के लिए अलग से पैसे दिए जाते थे।

छापेमारी में पुलिस ने पांच लैपटॉप, 25 स्मार्टफोन, एक कीपैड मोबाइल, 67 सिम कार्ड, 102 एटीएम/डेबिट कार्ड, नौ बैंक पासबुक, चार रजिस्टर और नोटबुक, 8,440 रुपये नकद तथा एक यामाहा आर-15 बाइक बरामद की है। इसके अलावा जियो वाई-फाई राउटर, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और कई कूरियर लिफाफे भी जब्त किए गए हैं।

रामगढ़ साइबर अपराध थाना कांड संख्या 05/2026 के अनुसंधान में मिले सुराग के आधार पर यह कार्रवाई की गई। मामले में जमशेदपुर साइबर थाना में कांड संख्या 108/2026 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस फरार तीन आरोपियों की तलाश कर रही है और बरामद डिजिटल उपकरणों की जांच जारी है।