JTET-2026 को लेकर जमशेदपुर में ट्रैफिक बदलाव, 1 नवंबर को तय समय पर भारी वाहनों की नो एंट्री

Spread the love

जमशेदपुर: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET-2026) को देखते हुए एक नवंबर को शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी न हो और सड़कों पर जाम की स्थिति से बचा जा सके, इसके लिए जिला प्रशासन ने भारी वाहनों के परिचालन पर समयवार प्रतिबंध लगाया है। पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यात्री बसों को छोड़कर अन्य सभी भारी वाहनों पर निर्धारित समय में रोक रहेगी।

आदेश के मुताबिक, सुबह 5 बजे से 9:15 बजे तक शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी। इसके बाद सुबह 9:15 बजे से 11:15 बजे तक भारी वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। हालांकि, सुबह 11:15 बजे से दोपहर 2:15 बजे तक भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

दोपहर 2:15 बजे से 3:30 बजे तक भारी वाहनों को शहर से बाहर जाने की अनुमति होगी। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे से रात 11 बजे तक एक बार फिर भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा।

इस पूरी व्यवस्था के दौरान यात्री बसों के परिचालन पर कोई रोक नहीं होगी। जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित समय-सारणी का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों के साथ-साथ आम लोगों के आवागमन को सुगम बनाए रखना और शहर में यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करना है।