दीपावली-छठ से पहले रेल यात्रियों को झटका, 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक 14 ट्रेनें रद्द

Spread the love

जमशेदपुर: दीपावली और छठ महापर्व पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने चक्रधरपुर रेल मंडल के बागडीही-झारसुगुड़ा रेलखंड पर चौथी लाइन की कमीशनिंग और यार्ड रीमॉडलिंग को लेकर ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक अलग-अलग तारीखों में 14 ट्रेनों को रद्द किया गया है। वहीं, कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस समेत कुछ प्रमुख ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, चौथी लाइन शुरू होने से भविष्य में रेल यातायात सुगम बनाने और ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार की उम्मीद है। इस कार्य के लिए निर्धारित ब्लॉक के दौरान कई लंबी दूरी और लोकल ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।

रद्द ट्रेनों में मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस (13425) 31 अक्टूबर और सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस (13426) 2 नवंबर को नहीं चलेगी। हावड़ा-कांताबांजी इस्पात एक्सप्रेस (22861) 3 नवंबर तथा कांताबांजी-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस (22862) 4 नवंबर को रद्द रहेगी। इतवारी-टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस (18109-18110) 1 से 3 नवंबर तक रद्द रहेगी। हटिया-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस (18175) 1 से 3 नवंबर और झारसुगुड़ा-हटिया एक्सप्रेस (18176) 2 से 4 नवंबर तक नहीं चलेगी।

इसके अलावा राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस (18107) 3 नवंबर, जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस (18108) 4 नवंबर, राउरकेला-पुरी-राउरकेला एक्सप्रेस (18125-18126) 3 नवंबर, तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस (17433) 2 नवंबर और रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस (17434) 5 नवंबर को रद्द रहेगी। भुवनेश्वर-राउरकेला-भुवनेश्वर एक्सप्रेस (22839-22840) 3 नवंबर तथा राउरकेला-झारसुगुड़ा-राउरकेला मेमू (68029-68030) 1 से 3 नवंबर तक नहीं चलेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले 139 हेल्पलाइन पर ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को रिफंड सीधे उनके बैंक खाते में भेजा जाएगा।