जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस प्रशासन के नए एसएसपी कार्यालय भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब इसे जल्द शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने नए भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सिटी एसपी ललित मीणा और प्रशिक्षु एएसपी ऋषभ त्रिवेदी भी मौजूद रहे।


निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने भवन के विभिन्न कक्षों, अधिकारियों के चैंबर, प्रशासनिक शाखाओं, जनसुनवाई कक्ष तथा अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने भवन की सुरक्षा व्यवस्था, कार्यालयों के आवंटन, आम नागरिकों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं तथा शिफ्टिंग की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह तीन मंजिला भवन वर्तमान एसएसपी कार्यालय के ठीक सामने बनाया गया है। भवन का सिविल निर्माण वर्ष 2025 में पूरा हो चुका है, जबकि वर्तमान में फर्नीचर, डिजिटल उपकरणों की स्थापना और ऑडिटोरियम सहित कुछ अंतिम कार्य पूरे किए जा रहे हैं।
नए भवन में आधुनिक जनसुनवाई कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, मीडिया सेल और बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे पुलिस अधिकारियों और आम लोगों दोनों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि शेष कार्य जल्द पूरा कर कार्यालय को शीघ्र नए भवन में स्थानांतरित किया जाए। इसके बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और जनसुनवाई व्यवस्था पहले से अधिक व्यवस्थित और प्रभावी होने की उम्मीद है।

