जमशेदपुर में छात्रों का एकदिवसीय धरना, समय पर परीक्षा और लंबित रिजल्ट जारी करने की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को जमशेदपुर छात्र, युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के बैनर तले उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना दिया गया। धरने के दौरान छात्रों ने समय पर परीक्षा आयोजित करने और लंबित परिणाम जल्द जारी करने की मांग उठाई।

परीक्षा और रिजल्ट में देरी से छात्र नाराज

छात्रों का कहना है कि समय पर परीक्षा और परिणाम मिलना उनका अधिकार है, किसी तरह की कृपा नहीं। उनका आरोप है कि कोल्हान विश्वविद्यालय समेत झारखंड के कई विश्वविद्यालयों में परीक्षा और रिजल्ट लगातार विलंबित हो रहे हैं, जिसका सीधा असर छात्रों के भविष्य पर पड़ रहा है।

समय पर रिजल्ट जारी नहीं होने के कारण कई छात्र सरकारी नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं और आगे की पढ़ाई के लिए समय पर आवेदन नहीं कर पाते हैं।

एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार परीक्षा की मांग

छात्रों ने सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन से एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार परीक्षा आयोजित करने की मांग की। साथ ही सभी लंबित परिणाम जल्द जारी करने और पिछड़े हुए शैक्षणिक सत्र को नियमित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर सार्वजनिक करने की मांग भी रखी।

10 अगस्त की घटना की जांच की मांग

धरने के दौरान छात्रों ने 10 अगस्त को विधानसभा मार्च के दौरान छात्रों, महिलाओं और युवाओं के साथ कथित मारपीट एवं अभद्र व्यवहार की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की। छात्रों ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।

छात्रों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध में नहीं है। यह आंदोलन पढ़ाई, सम्मान और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर है। उन्होंने सरकार से मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की।