झारखंड के Jamshedpur स्थित टेल्को थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह बाइक जब्ती को लेकर कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रकाश नगर निवासी Santosh Singh ने टेल्को प्लाजा रोड पर धरना देकर पुलिस पेट्रोलिंग वाहन के चालक पर अवैध वसूली का आरोप लगाया। युवक का कहना है कि देर रात घर लौटने के दौरान उसकी काले रंग की स्प्लेंडर बाइक को पुलिस ने रोक लिया और पीछे नंबर प्लेट नहीं होने का हवाला देते हुए बाइक को टेल्को थाना ले जाया गया। संतोष सिंह ने आरोप लगाया कि बाद में बाइक छोड़ने के बदले उससे 10 हजार रुपये की मांग की गई। आरोपों से नाराज युवक सुबह बाइक के दस्तावेजों के साथ सड़क पर धरने पर बैठ गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर टाइगर मोबाइल की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद युवक ने धरना समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो गया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



