जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल, डिमना आने वाले मरीजों के लिए राहतभरी खबर है। अस्पताल परिसर में जल्द ही प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र शुरू होने की संभावना है। इसके शुरू होने के बाद मरीजों को बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे खासकर गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बड़ा लाभ मिलेगा।


साकची से डिमना स्थित नए भवन में अस्पताल स्थानांतरित होने के एक वर्ष से अधिक समय बाद भी जन औषधि केंद्र शुरू नहीं हो सका था। हालांकि, पिछले छह महीनों से इसे शुरू करने की प्रक्रिया लगातार चल रही थी। जानकारी के अनुसार केंद्र संचालन से जुड़ी अधिकांश प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो गई है और केंद्र के संचालन के लिए एजेंसी का चयन कर लिया गया है।
अब केवल जिला प्रशासन की अंतिम स्वीकृति का इंतजार है। उपायुक्त की मंजूरी मिलते ही अस्पताल परिसर में जन औषधि केंद्र का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
केंद्र खुलने के बाद मरीजों को बाहर से महंगी दवाएं खरीदने की जरूरत कम होगी। यहां विभिन्न आवश्यक दवाएं कम कीमत पर उपलब्ध होंगी, जिससे इलाज का खर्च घटेगा और मरीजों को अस्पताल परिसर में ही दवाएं मिल सकेंगी। अस्पताल प्रबंधन को उम्मीद है कि इस सुविधा से स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुलभ तथा प्रभावी बनेंगी।

