रांची: झारखंड में अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की सलाहकार समिति ने राज्य के तीन अस्पतालों को कॉर्निया प्रत्यारोपण और आई बैंक संचालन की अनुमति देने का निर्णय लिया है। इन संस्थानों को पांच वर्षों के लिए पंजीकरण स्वीकृत किया गया है।


अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सलाहकार समिति की बैठक में राज्य के पांच अस्पतालों के प्रस्तावों पर विचार किया गया। विस्तृत समीक्षा के बाद टाटा मेन हॉस्पिटल, जमशेदपुर तथा आइरिस सुपर स्पेशियलिटी आई केयर सेंटर, रांची को कॉर्निया प्रत्यारोपण की अनुमति प्रदान की गई। वहीं, एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमशेदपुर को कॉर्निया प्रत्यारोपण के साथ-साथ आई बैंक की स्थापना और संचालन की भी स्वीकृति दी गई।
हालांकि, लोकनायक जयप्रकाश नारायण नेत्र अस्पताल और कोडरमा रोटरी चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रस्तावों को फिलहाल मंजूरी नहीं दी गई। जांच के दौरान पाया गया कि इन संस्थानों में प्रशिक्षित मानव संसाधन, आवश्यक उपकरण और अन्य तकनीकी मानक निर्धारित स्तर के अनुरूप उपलब्ध नहीं हैं।
बैठक के दौरान अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों, तकनीकी कर्मियों, आवश्यक उपकरणों तथा कानूनी एवं तकनीकी मानकों के अनुपालन की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके बाद ही स्वीकृति संबंधी निर्णय लिया गया।
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि इस पहल से झारखंड में अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण सेवाओं का विस्तार होगा। इससे कॉर्निया प्रत्यारोपण की आवश्यकता वाले मरीजों को उपचार के लिए अन्य राज्यों पर निर्भरता कम होगी और राज्य में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

