रांची: झारखंड के युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अधीन नियोजन एवं प्रशिक्षण निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए आईटीआई नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्यभर के सरकारी, निजी, पीपीपी मॉडल, सीएसआर आधारित आईटीआई संस्थानों तथा झारखंड सरकार टूल रूम आईटीआई, गोला में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।


विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, वायरमैन, प्लंबर, वेल्डर, मेसन और सिलाई टेक्नोलॉजी जैसे कुछ ट्रेडों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का कम से कम आठवीं पास होना आवश्यक है। वहीं, अन्य सभी ट्रेडों में नामांकन के लिए दसवीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का झारखंड का स्थानीय निवासी होना जरूरी है। आयु सीमा के अनुसार, 1 अगस्त 2026 तक उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 14 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है।
नामांकन प्रक्रिया में राज्य सरकार के प्रावधानों के अनुसार जिला स्तरीय आरक्षण रोस्टर लागू होगा। इसके अलावा दिव्यांग अभ्यर्थियों तथा सेवारत एवं पूर्व सैनिकों के आश्रितों को भी निर्धारित नियमों के तहत आरक्षण का लाभ मिलेगा।
आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जून से 25 जून 2026 तक चलेगी। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 29 जून 2026 को दोपहर 12 बजे तक मेरिट सूची जारी की जाएगी।
विभाग ने अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान ट्रेड और संस्थान के चयन में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए कम से कम 10 और अधिकतम 30 ट्रेड विकल्प भरना अनिवार्य किया गया है, ताकि मेरिट के आधार पर सीट आवंटन की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके।
राज्य सरकार की यह पहल युवाओं को रोजगारोन्मुखी तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे हजारों विद्यार्थियों को विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिल सकेंगे।

