रांची: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम आने के बाद झारखंड कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि जिस सीट को भाजपा वर्षों से अपना अभेद्य गढ़ बताती रही, वहां की जनता ने इस बार अपने मत से पार्टी को स्पष्ट संदेश दिया है।


राकेश सिन्हा ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राजनीतिक गढ़ माना जाता रहा है। ऐसे में इस सीट पर मिली हार यह दर्शाती है कि मतदाताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा के दावों को नकार दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक चुनौतियों और समाज में विभाजन की राजनीति से आम जनता परेशान है। उनके अनुसार भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन जनता ने प्रचार और सत्ता के प्रभाव से ऊपर उठकर अपना फैसला सुनाया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह हार केवल एक विधानसभा सीट की नहीं, बल्कि भाजपा नेतृत्व में लोगों के घटते विश्वास का संकेत है। उन्होंने भाजपा को विपक्ष पर आरोप लगाने के बजाय आत्ममंथन करने की सलाह देते हुए कहा कि बांकीपुर का जनादेश जवाबदेही और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संदेश देता है।

