झारखंड: बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र में नशा तस्कर गिरफ्तार, गांजा व नकदी बरामद

Spread the love

झारखंड के बोकारो जिले में नशा विरोधी अभियान के तहत माराफारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर राहुल कुमार उर्फ गुड्डू को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से गांजा जैसा पदार्थ, गांजा मिलाकर बनाए गए सिगरेट और नकदी बरामद की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हेडक्वार्टर डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बोकारो स्टील प्लांट के गेट नंबर-09 के पास नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक संदिग्ध युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने लगा, लेकिन उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान उसके पास से गांजा जैसा पदार्थ की पांच पुड़ियां बरामद हुईं। पूछताछ में उसकी पहचान 26 वर्षीय राहुल कुमार उर्फ गुड्डू, निवासी दुंदीबाग बाजार के रूप में हुई।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दुंदीबाग बाजार स्थित एक घर में छापेमारी की, जहां से करीब 700 ग्राम गांजा, 76 गांजा मिश्रित सिगरेट, एक सिगरेट का डिब्बा और 4205 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था।