झारखंड की जेलों में 68 सेल गार्डों की होगी बहाली, पूर्व सैनिकों को मिलेगा प्राथमिकता

Spread the love

रांची: झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य की विभिन्न जेलों में संविदा आधारित सेल गार्ड और महिला सेल गार्ड के पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है। यह भर्ती विशेष रूप से पूर्व सैनिकों एवं अर्द्धसैनिक बलों से सेवानिवृत्त जवानों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है।

विभाग द्वारा कुल 68 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें 60 पद पुरुष सेल गार्ड तथा 8 पद महिला सेल गार्ड के लिए निर्धारित हैं। सबसे अधिक नियुक्तियां बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार (रांची) में की जाएंगी, जहां 52 पुरुष और 4 महिला सेल गार्ड की आवश्यकता है। इसके अलावा मंडल कारा गुमला में 2 पुरुष एवं 1 महिला, मंडल कारा सिमडेगा में 4 पुरुष एवं 3 महिला तथा उपकारा खूंटी में 2 पुरुष सेल गार्ड के पद रिक्त हैं।

इन पदों के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा। साक्षात्कार 4 जुलाई को सुबह 8 बजे से बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार, रांची में आयोजित होगा। अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।

चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 20 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। संतोषजनक सेवा के प्रत्येक वर्ष पूर्ण होने पर मानदेय में 8 प्रतिशत वृद्धि का भी प्रावधान है। नियुक्ति प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए होगी, जिसे आवश्यकता के अनुसार बढ़ाया जा सकता है।

कारा विभाग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में झारखंड के स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता दी जाएगी।