रांची: झारखंड के चर्चित 730 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाला मामले में गिरफ्तार जमशेदपुर के कारोबारी विक्की भालोटिया उर्फ अमित अग्रवाल की जमानत याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। अब कारोबारी की जमानत पर आदेश बाद में सुनाया जाएगा।


इससे पहले विशेष पीएमएलए अदालत ने विक्की भालोटिया की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। ट्रायल कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जहां मामले की विस्तृत सुनवाई हुई।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अनुसार यह मामला शेल कंपनियों के माध्यम से 730 करोड़ रुपये से अधिक के कथित जीएसटी घोटाले से जुड़ा है। इस मामले में ईडी ने ईसीआईआर दर्ज कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में विक्की भालोटिया, शिव कुमार देवड़ा, मोहित देवड़ा और कोलकाता के कारोबारी अमित गुप्ता शामिल हैं।
जांच एजेंसियों का दावा है कि 90 से अधिक शेल कंपनियों के जरिए करीब 14,325 करोड़ रुपये के फर्जी बिल तैयार किए गए। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर 730 करोड़ रुपये से अधिक का कथित फर्जी जीएसटी लाभ लिया गया, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा। मामले की जांच अभी जारी है।

