रांची: झारखंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और राज्य की जनता को संबोधित करेंगे। मुख्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं किए जाने की भी संभावना है। इसे देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।


राजधानी रांची के अलावा उपराजधानी दुमका में भी स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा। यहां राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार तिरंगा फहराएंगे। वहीं, झारखंड विधानसभा परिसर में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण करेंगे। तीनों प्रमुख समारोह स्थलों पर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मोरहाबादी मैदान में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। मौसम को ध्यान में रखते हुए मैदान के आसपास शेड लगाए गए हैं। लोगों की सुविधा के लिए पेयजल की व्यवस्था के साथ समारोह के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
स्वतंत्रता दिवस के दौरान रांची में यातायात व्यवस्था को भी बदला गया है। भारी वाहनों के लिए सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक नो-एंट्री लागू रहेगी। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

