झारखंड में कमजोर पड़ा मानसून, 25% कम बारिश; गढ़वा और चतरा सबसे अधिक प्रभावित

Spread the love

रांची: झारखंड में इस वर्ष मानसून कमजोर बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 1 जून से 29 जुलाई 2026 तक राज्य में सामान्य से 25 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। इस अवधि में जहां 489.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, वहीं अब तक केवल 365.8 मिमी वर्षा हुई है। कम बारिश का सबसे अधिक असर गढ़वा और चतरा जिलों में देखने को मिला है, जहां क्रमशः 62 प्रतिशत और 61 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई।

राज्य में पश्चिमी सिंहभूम एकमात्र जिला रहा, जहां सामान्य से 19 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई और कुल 561.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं पूर्वी सिंहभूम में 13 प्रतिशत, रांची में 15 प्रतिशत, सरायकेला-खरसावां में 3 प्रतिशत, सिमडेगा में 1 प्रतिशत, खूंटी और दुमका में 17 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई।

इसके अलावा देवघर (56%), पाकुड़ (58%), कोडरमा (50%), गोड्डा (48%), गिरिडीह (47%), पलामू (42%), हजारीबाग (38%), बोकारो (35%) सहित कई जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार कम वर्षा का असर खेती और जल स्रोतों पर पड़ सकता है। किसानों को मौसम की ताजा जानकारी के आधार पर कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है।