झारखंड: JSSC-CGL परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक मामले की जांच अब आगे बढ़ रही है। मामले की जांच कर रही CID की SIT ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के अधिवक्ता संजय पीपरवाल को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है। SIT ने उन्हें निर्धारित समय पर जांच टीम के समक्ष उपस्थित होने को कहा है।


पूछताछ के दौरान SIT परीक्षा विवाद से जुड़े कानूनी दस्तावेजों और अदालत में आयोग की ओर से रखे गए पक्ष के संबंध में जानकारी ले सकती है। आयोग ने कोर्ट में किन आधारों पर दलीलें दीं और विवाद के दौरान कौन-कौन से प्रशासनिक निर्णय लिए गए, इस बारे में भी सवाल किए जाने की संभावना है।
इसके अलावा SIT परीक्षा के दौरान आयोग, परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी और अन्य संबंधित पक्षों के बीच हुए पत्राचार की भी जांच कर रही है। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उस दौरान कौन-कौन से निर्णय लिए गए और उनके पीछे की प्रक्रिया क्या थी।
बताया जा रहा है कि इस मामले में SIT पहले भी परीक्षा से जुड़े कई अधिकारियों और अन्य लोगों से पूछताछ कर चुकी है। आयोग के अधिवक्ता संजय पीपरवाल को पूछताछ के लिए बुलाया जाना भी इसी जांच प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है। मामले में SIT की जांच जारी है।

