छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर रघुवर दास ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना, कहा- संवाद से हल करे मांगें

Spread the love

रांची: झारखंड में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और विपक्षी नेताओं की हिरासत को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों और जनप्रतिनिधियों पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

रघुवर दास ने कहा कि छात्रों को अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने और सरकार से सवाल पूछने का पूरा अधिकार है। ऐसे में उनकी बात सुनने और उनसे संवाद करने के बजाय लाठीचार्ज करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई से युवाओं के सवाल खत्म नहीं होंगे, बल्कि सरकार के प्रति असंतोष बढ़ सकता है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के युवा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और अपने भविष्य को लेकर सरकार से जवाब मांग रहे हैं। सरकार को इन सवालों का समाधान संवाद के माध्यम से करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी कब होगी, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच का परिणाम कब सामने आएगा और आंदोलनरत छात्रों को न्याय कब मिलेगा।

रघुवर दास ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत एनडीए के विधायकों और विपक्षी नेताओं की हिरासत पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने से रोकना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने कहा कि सरकार को दमन का रास्ता छोड़कर छात्रों से बातचीत करनी चाहिए। भाजपा युवाओं के अधिकार, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों के मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी। रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में शासन लाठी के बल पर नहीं, बल्कि संवाद और लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए।