कोडरमा: तिलैया डैम थाना क्षेत्र के बड़कीधमराय गांव निवासी और झारखंड पुलिस के जवान नरेश कुमार का इलाज के दौरान निधन हो गया। वह हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना में पदस्थापित थे। उनके निधन की खबर से गांव और पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।


जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में एक ट्रेलर की चपेट में आने से नरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और वे कोमा में चले गए।
शुक्रवार को इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि इसी सड़क दुर्घटना में एक अन्य पुलिस जवान की मौके पर ही मौत हो गई थी।
नरेश कुमार का पार्थिव शरीर जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान भी पहुंचे। उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
ग्रामीणों ने नरेश कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठ, सरल स्वभाव और मिलनसार पुलिसकर्मी बताया।

