रांची: झारखंड की विभिन्न जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से कारा एवं सुधार सेवाएं विभाग ने पूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त जवानों की संविदा पर नियुक्ति का निर्णय लिया है। विभाग द्वारा कुल 68 रिक्त पदों पर सेल गार्ड एवं महिला सेल गार्ड की बहाली की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए 4 जुलाई को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा।


विभागीय जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक 56 पद बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में रिक्त हैं। इसके अलावा मंडल कारा गुमला में 3, मंडल कारा सिमडेगा में 7 और व्यवहार न्यायालय कारा, खूंटी में 2 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। कुल 68 पदों में 60 पद पुरुष अभ्यर्थियों तथा 8 पद महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह ₹20,000 मानदेय दिया जाएगा। साथ ही हर वर्ष मानदेय में 8 प्रतिशत वृद्धि का भी प्रावधान किया गया है। नियुक्ति प्रारंभिक तौर पर एक वर्ष के लिए होगी, जिसे विभागीय आवश्यकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है। भर्ती प्रक्रिया में केवल वही पूर्व सैनिक एवं अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त जवान शामिल हो सकेंगे, जिनकी आयु 1 जून 2026 तक 55 वर्ष से कम हो। विभाग ने संकेत दिया है कि कम आयु वाले योग्य उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जा सकती है।
चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को एक माह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उन्हें राज्य की विभिन्न जेलों में सुरक्षा एवं निगरानी संबंधी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। कारा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह नियुक्ति पूरी तरह संविदा आधारित होगी। भविष्य में नियमित नियुक्तियां होने की स्थिति में संविदाकर्मियों की सेवाएं समाप्त की जा सकती हैं। इसके अलावा अनुशासनहीनता, कार्य में लापरवाही या बिना अनुमति अनुपस्थित रहने की स्थिति में भी संविदा समाप्त करने का प्रावधान रखा गया है।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में झारखंड के योग्य उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे राज्य के पूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त जवानों को रोजगार का अवसर मिलने की उम्मीद है।

