रांची: झारखंड सरकार मुख्यमंत्री मैयां सम्मान योजना के तहत लाभुक महिलाओं को मिलने वाली राशि के भुगतान सिस्टम में बड़ा बदलाव करने जा रही है। अक्टूबर 2026 से योजना की राशि जिला स्तर के बजाय सीधे राज्य स्तर से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इस नई व्यवस्था का लाभ राज्य की लगभग 51 लाख महिलाओं को मिलेगा।


महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग नई भुगतान प्रणाली को अंतिम रूप देने में जुटा है। इसके लिए JAP-IT द्वारा नया पोर्टल तैयार किया गया है, जिसका प्रस्तुतीकरण विभागीय अधिकारियों के समक्ष किया जा चुका है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद पूरी भुगतान प्रक्रिया राज्य स्तर से संचालित होगी।
सरकार हर महीने एक तय तिथि पर “मैयां सम्मान दिवस” मनाएगी। इसी दिन राज्यभर की सभी लाभार्थी महिलाओं के खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से योजना की राशि भेजी जाएगी। सरकार का लक्ष्य चार से पांच घंटे के भीतर पूरे राज्य में भुगतान प्रक्रिया पूरी करना है।
अब तक योजना की राशि पहले जिलों को भेजी जाती थी, जिसके बाद जिला स्तर से अलग-अलग समय पर लाभार्थियों के खातों में भुगतान किया जाता था। इस प्रक्रिया के कारण कई महिलाओं को 10 से 15 दिनों तक इंतजार करना पड़ता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद सभी लाभार्थियों को एक ही दिन राशि प्राप्त होगी।
सरकार “मैयां सम्मान दिवस” के अवसर पर प्रत्येक माह राज्य स्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित करेगी, जिसमें मुख्यमंत्री, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हो सकते हैं। जिला स्तर के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे और उसी दिन लाभार्थियों के खातों में राशि हस्तांतरित की जाएगी।
सरकार का मानना है कि नई व्यवस्था से भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी होगी। साथ ही, भुगतान में देरी, असफल ट्रांजेक्शन और ऑडिट संबंधी समस्याओं का समाधान भी पहले की तुलना में अधिक आसान होगा।

