झारखंड: चतरा में 2.132 किलो अवैध अफीम बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

झारखंड के चतरा जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.132 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के सिकिदाग गांव निवासी 35 वर्षीय रविंद्र रविदास उर्फ रविंद रविदास अपने घर में अवैध अफीम छिपाकर रखे हुए है और उसके कारोबार में संलिप्त है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए कुंदा अंचलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से कुल 2.132 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है और अफीम तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। छापेमारी टीम में कुंदा अंचलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह और पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत पांडेय समेत अन्य अधिकारी शामिल थे।