झारखंड: भाई की जान बचाने के लिए तालाब में कूदा युवक, खुद डूबने से हुई मौत

Spread the love

झारखंड के बोकारो जिले के चंद्रपुरा प्रखंड अंतर्गत झरनाडीह गांव में मानवता और भाईचारे की मिसाल पेश करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 22 वर्षीय दीपक यादव ने अपने चचेरे भाई की जान बचाने के लिए गहरे तालाब में छलांग लगा दी। घटना बुधवार सुबह की है, जब दीपक अपने चचेरे भाई के साथ गांव के तालाब में स्नान करने गया था। इसी दौरान उसका भाई गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को संकट में देखकर दीपक बिना देर किए पानी में कूद पड़ा और उसे सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहा, लेकिन खुद गहरे पानी में फंस गया। काफी देर तक जब वह नजर नहीं आया तो गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल खोजबीन शुरू की और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दीपक का शव तालाब से बाहर निकाला गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दीपक यादव, Milton Yadav के बड़े पुत्र थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और लोग दीपक के साहस, त्याग और भाई के प्रति उसके समर्पण को याद कर रहे हैं।