रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का परिणाम जारी कर दिया है। यह प्रारंभिक परीक्षा 17 मई 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।


प्रारंभिक परीक्षा में सफल घोषित अभ्यर्थी अब मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होंगे। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 जुलाई 2026 से शुरू हो गई है। आयोग ने निर्देश दिया है कि सफल अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र के साथ सभी आवश्यक प्रमाण-पत्र एवं दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।
आयोग ने दस्तावेजों की हार्ड कॉपी जमा करने से संबंधित सभी दिशा-निर्देश भी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने से पहले सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
जेपीएससी ने स्पष्ट किया है कि यदि परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि, टंकण संबंधी गलती या अन्य विसंगति पाई जाती है, तो उसे संशोधित करने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को समय-समय पर आयोग की वेबसाइट पर जारी होने वाले नए निर्देशों और सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
आयोग ने सफल अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा करने की अपील की है, ताकि मुख्य परीक्षा में शामिल होने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

