रांची: 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा को लेकर जारी विवाद अब राजभवन पहुंच गया है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के विधायक जयराम महतो ने मंगलवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर परीक्षा प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पीटी परीक्षा के परिणाम में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं और निष्पक्ष जांच पूरी होने तक मुख्य परीक्षा आयोजित नहीं की जानी चाहिए।


राज्यपाल से मुलाकात के दौरान जयराम महतो ने परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस निजी एजेंसी का नाम पहले दूसरे राज्यों में विवादों से जुड़ चुका है और जिसे कथित रूप से ब्लैकलिस्ट किया गया था, उसे झारखंड जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा की जिम्मेदारी सौंपना कई सवाल खड़े करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा परिणाम आधी रात को जारी किए जाने से अभ्यर्थियों के बीच संदेह और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई। विधायक ने परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े कई अन्य बिंदुओं को भी राज्यपाल के समक्ष रखते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उनके अनुसार, राज्यपाल ने मामले को गंभीरता से देखने का आश्वासन दिया है।
जयराम महतो ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से भी मुलाकात कर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले पर विचार करने का भरोसा दिया है। हालांकि, यदि छात्रों के हित में शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो अगले दो दिनों के भीतर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी छात्रों के अधिकारों की लड़ाई किसी एक दल की नहीं, बल्कि पूरे राज्य के युवाओं की है। इसी कारण जेएलकेएम जेपीएससी मुद्दे पर चल रहे प्रत्येक लोकतांत्रिक आंदोलन का समर्थन करने को तैयार है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन को भी नैतिक समर्थन देने की बात कही।

