जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशिन खान ने शनिवार को नगर परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एवं अद्यतन अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे अभियान और जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।


निरीक्षण के दौरान नौशिन खान ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि नए पात्र मतदाताओं के नाम शीघ्र जोड़े जाएं, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएं तथा संशोधन संबंधी सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि घर-घर सर्वेक्षण के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की जाए।
नगर परिषद अध्यक्ष ने नागरिकों से भी अपील की कि जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या जिनके विवरण में किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता है, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर समय पर जमा करें और विशेष पुनरीक्षण अभियान का लाभ उठाएं।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है।

