खूंटी: वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खूंटी पुलिस ने एक अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 19 मोटरसाइकिल और एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वैन बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, चोरी की गई बाइकों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें बिक्री के लिए तैयार किया जा रहा था। बरामद वाहनों की पहचान और उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है।


पुलिस को 18 सितंबर को गिरोह से संबंधित गुप्त सूचना मिली थी। एसपी ऋषभ गर्ग को जानकारी मिली थी कि सायको थाना क्षेत्र में कुछ लोग फर्जी नंबर लगी चोरी की बाइक के साथ घूम रहे हैं। इसके बाद एसडीपीओ खूंटी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सायको और अड़की थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान गुरुदयाल मुंडा उर्फ पनसाऊ मुंडा, इजराइल पूर्ति, मनमसीह पूर्ति उर्फ डेरो, मसीह मुंडा, मोहन लोहार, एतवा मुंडा, समराई होरो और जयराम मुंडा उर्फ जवारा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अब बरामद वाहनों के चोरी के स्थान और उन्हें बिक्री के लिए तैयार करने से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

