लातेहार: नगर पंचायत ने सोमवार को शहर में बिना ट्रेड लाइसेंस संचालित दुकानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान खुले में मांस और मछली बेचने वाली कई दुकानों की जांच की गई। जिन प्रतिष्ठानों के पास ट्रेड लाइसेंस नहीं पाया गया, उन्हें तत्काल सील कर दिया गया।


नगर पंचायत की टीम ने छटनाही मोड़, माको मोड़ और चेकनाका मोड़ स्थित मांस एवं मछली की दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई दुकानदार बिना ट्रेड लाइसेंस के व्यवसाय करते पाए गए, जिसके बाद उनके प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया।
अभियान के तहत पॉलीटेक्निक कॉलेज रोड स्थित मोटरसाइकिल मरम्मत और हार्डवेयर की दुकानों की भी जांच की गई। जिन दुकानों के पास ट्रेड लाइसेंस नहीं था, उनके विरुद्ध भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। वहीं, माको चौक स्थित एक आरओ प्लांट को भी लाइसेंस नहीं मिलने पर सील कर दिया गया।
नगर प्रबंधक राजकुमार वर्मा ने बताया कि जिन दुकानदारों के पास ट्रेड लाइसेंस नहीं है, उन्हें जल्द से जल्द लाइसेंस बनवाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही मांस और मछली विक्रेताओं को केवल नगर पंचायत द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करने के लिए कहा गया है।
नगर पंचायत ने स्पष्ट किया है कि बिना ट्रेड लाइसेंस व्यवसाय करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

