महुआडांड़ (लातेहार) : Mahuadanr अनुमंडल को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया है। नवपदस्थापित Sulaiman Mundari ने मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। उनके पदभार संभालते ही क्षेत्र में विकास और सुशासन को लेकर नई उम्मीदें जागी हैं।


पदभार ग्रहण करने के बाद अनुमंडल कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर प्रशासनिक कार्यों, लंबित योजनाओं और प्राथमिकताओं की विस्तृत जानकारी ली। कार्यालय परिसर में सकारात्मक माहौल और नई ऊर्जा देखने को मिली।
इस अवसर पर एसडीओ सुलेमान मुण्डारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की सेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना उनके कार्य का मुख्य लक्ष्य होगा।
उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि जनहित से जुड़े मुद्दों का समयबद्ध समाधान हो सके। साथ ही उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
एसडीओ ने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि अनुमंडल कार्यालय का द्वार हर फरियादी के लिए खुला रहेगा और “आपकी समस्या, हमारा समाधान” की भावना के साथ कार्य किया जाएगा।
नए एसडीओ के आगमन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने उनका स्वागत करते हुए महुआडांड़ के समग्र विकास और लंबित परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद जताई है।

