सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के इस्लामनगर में जमीन संबंधी कार्य के दौरान हुए जानलेवा फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया रोड स्थित बड़ा बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


जानकारी के अनुसार, 2 जून 2026 को दोपहर करीब एक बजे इस्लामनगर में जमीन से जुड़े कार्य के दौरान नवाज पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई गई थी। पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक Nidhi Dwivedi के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू का नाम सामने आया, जिसके बाद उसे पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी अभियान में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह, शोधकर्ता हीरालाल मुंडू, टाइगर मोबाइल गार्ड बिपुल कुमार तिवारी, दस्तगीर आलम और तकनीकी शाखा के कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

