जमशेदपुर: शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने शुक्रवार सुबह सिदगोड़ा और बारादीह क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाया। इस कार्रवाई में जिला प्रशासन, टाटा स्टील यूआईएसएल (TATA Steel UISL), टाटा स्टील, एसआरटी (SRT) और क्यूआरटी (QRT) की संयुक्त टीम शामिल रही। अभियान के दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।


संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 20 अवैध दुकानों को हटाया। अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना, सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की कि अतिक्रमण हटाए जाने के बाद दोबारा सरकारी भूमि पर कब्जा न करें। प्रशासन ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने संकेत दिया है कि शहर के अन्य इलाकों में भी इसी प्रकार के अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखा जा सके और नागरिकों को बेहतर यातायात एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

