एक्सप्रेसवे के रूट में बड़ा बदलाव, अब 72 किमी तक मिलेगा फायदा, बढ़ेगा विकास

Spread the love

किशनगंज : गोरखपुर-सिलीगुड़ी छह लेन एक्सप्रेसवे के एलाइनमेंट में बदलाव के बाद किशनगंज जिले को बड़ी राहत और लाभ मिलने की उम्मीद है। संशोधित योजना के अनुसार यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे अब जिले की सीमा में करीब 72 किलोमीटर तक गुजरेगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की नई अधिसूचना के मुताबिक ठाकुरगंज अंचल के 32 मौजों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा, जबकि पहले जारी अधिसूचना में यह संख्या 26 थी।किशनगंज में यह एक्सप्रेसवे टेढ़ागाछ प्रखंड से प्रवेश करेगा और बहादुरगंज होते हुए ठाकुरगंज के रास्ते पश्चिम बंगाल में जाएगा। परियोजना के तहत टेढ़ागाछ के 6, बहादुरगंज के 25 और ठाकुरगंज के 32 राजस्व गांवों के कुल 63 मौजे प्रभावित होंगे। एनएचएआई ने प्रभावित गांवों की सूची जिला प्रशासन को सौंप दी है ताकि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

स्थानीय लोगों की मांग पर एक्सप्रेसवे का एलाइनमेंट बदला गया है। पहले प्रस्तावित मार्ग ठाकुरगंज नगर के पश्चिमी हिस्से से गुजरने वाला था, जिससे बड़ी संख्या में घरों और प्रतिष्ठानों के प्रभावित होने की आशंका थी। नए रूट के तहत सड़क को आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर पूर्वी दिशा के ग्रीनफील्ड इलाके से ले जाया जाएगा, जिससे विस्थापन कम होगा और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी आसान होने की संभावना है।