जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के गालूडीह थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। टाटानगर से हावड़ा जा रही टाटा-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12814) स्वर्णरेखा नदी पर बने रेलवे पुल से गुजर रही थी, तभी सुबह करीब 6:50 बजे चंद्ररेखा गांव के पास अचानक ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तार टूट गया। तार टूटते ही ट्रेन को तत्काल रोकना पड़ा और वह पुल के बीचोंबीच खड़ी हो गई।


घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते ट्रेन रोक दिए जाने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और न ही ट्रेन पटरी से उतरी। इस घटना के कारण इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ।
लोको पायलट ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान और ट्रैक्शन रोलिंग डिस्ट्रीब्यूशन (टीआरडी) की विशेष तकनीकी टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित रेलखंड की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद कर पावर ब्लॉक लिया गया।
इसके बाद तकनीकी विशेषज्ञों ने टूटे हुए ओएचई तार को बदलने और मरम्मत का कार्य शुरू किया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार मरम्मत कार्य पूरा होने और सुरक्षा जांच के बाद ही ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया जाएगा। रेलवे पूरे मामले की जांच भी कर रहा है ताकि ओएचई तार टूटने के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

