गया : गुरुआ बाजार के ज्वेलरी व्यवसायी प्रभाकर प्रसाद वर्णवाल से गोली मारकर करीब 40 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। दो आरोपियों की मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने इस वारदात में शामिल तीसरे सहयोगी को भी पकड़ लिया है।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के काजीचक गांव निवासी 19 वर्षीय रुदल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह मुख्य आरोपी श्रवण चौधरी का करीबी रिश्तेदार है और घटना के बाद अपराधियों की मदद कर रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में उसे गिरफ्तार किया गया.
पुलिस ने आरोपी के घर से लूटे गए कुछ जेवरात और अन्य सामान भी बरामद किए हैं। बरामद सामग्री की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि लूट का माल किन लोगों के बीच बांटा गया था। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, गिरफ्तारी और जेवरात की बरामदगी से स्थानीय व्यवसायियों व लोगों ने राहत जताई है।

