सारंडा घाटी में बड़ा सड़क हादसा टला, बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। किरीबुरु-छोटानागरा मुख्य मार्ग पर सारंडा घाटी के बटरफ्लाईघाट और झरबेड़ा गांव के बीच एक यात्री बस और मोबाइल व अन्य तरल सामान ले जा रहे पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। यात्री बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पिकअप वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि बस में सवार यात्रियों, चालक और अन्य लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं लगी तथा सभी सुरक्षित बच गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा यातायात व्यवस्था को सामान्य करने का प्रयास किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को अपने कब्जे में लेकर थाना भेज दिया, जबकि पिकअप वाहन लंबे समय तक घटनास्थल पर खड़ा रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना सारंडा घाटी के एक खतरनाक मोड़ पर हुई। अचानक सामने से वाहन आने के कारण चालक समय रहते नियंत्रण नहीं कर सके। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क की भौगोलिक स्थिति को हादसे का कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने, चेतावनी बोर्ड लगाने, सड़क चौड़ीकरण और नियमित निगरानी की मांग की है।