जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र की एक मुस्लिम बस्ती में रविवार रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हमले में आफताब आलम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों, समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे तनावपूर्ण माहौल बन गया।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस्ती निवासी बंधु नामक व्यक्ति पर फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि आफताब को तीन गोलियां लगी हैं। इनमें एक गोली उनकी पीठ में और दो गोलियां पेट में लगीं, जिससे उनकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल आफताब को टीएमएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल फायरिंग की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

