बरसोल: करम पूजा देखने की खुशी एक परिवार के लिए मातम में बदल गई। पूर्वी सिंहभूम जिले के बरसोल थाना क्षेत्र की भूतिया पंचायत स्थित शाखाभांगा गांव में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से 43 वर्षीय रवि मुंडा की मौत हो गई। वह गुरुवार रात अपने रिश्तेदार के घर करम पूजा देखने गए थे। इसी दौरान बारिश के कारण जमीन पर गिरे बिजली के तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार, रवि मुंडा कदमडीहा गांव के निवासी थे। गुरुवार रात बारिश के दौरान बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिर गया था, लेकिन उसमें बिजली का प्रवाह जारी था। अंधेरा होने के कारण रवि की नजर टूटे तार पर नहीं पड़ी और वह उसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलने पर बरसोल थाना के एएसआई सिकंदर यादव और मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेज दिया।
रवि मुंडा अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार में शोक है। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के तारों की नियमित जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और तेज हवा के बाद टूटे हुए बिजली के तारों की पहचान कर उन्हें तत्काल ठीक करने की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

